राष्ट्रीय
दिल्ली में तेज बारिश के साथ ओले भी पड़े, बारिश का सिलसिला देर रात तक जारी रहा
वर्ष 1923 के बाद दिसंबर में इतनी ज्यादा बारिश पांचवीं बार दर्ज की गई

AINS NEWS… राजधानी में बारिश से ठिठुरन बढ़ गई है। शुक्रवार सुबह से शुरू हुई बारिश का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। इससे कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशान भी होना पड़ा। ग्रेटर नोएडा में देर रात करीब दो बजे तेज बारिश के साथ ओले भी पड़े। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में 42.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वर्ष 1923 के बाद दिसंबर में इतनी ज्यादा बारिश पांचवीं बार दर्ज की गई। 13 दिसंबर, 2019 को 33.5 मिमी बारिश दर्ज हुई थी।

मौसम विभाग ने दिल्ली में शनिवार को बारिश और रविवार व सोमवार के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। इधर, स्मॉग के कारण दिन में ही बारिश के बीच अंधेरा छाया रहा। ऐसे में वाहन चालकों ने लाइट जलानी पड़ी। सफदरजंग में सुबह सात बजे के दृश्यता 300 मीटर दर्ज की गई, जबकि पालम केंद्र में सुबह साढ़े दस बजे तक दृश्यता 600 मीटर दर्ज की गई। इससे वाहन चालकों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।




