जगदलपुर

हम सरेंडर नहीं हथियार छोड़ रहे, संघर्ष जारी रहेगा : केंद्रीय कमेटी मेंबर रूपेश उर्फ सतीश

उप मुख्यमंत्री के समक्ष 10 मांग रखा गयी हैं

AINS NEWS जगदलपुर… केंद्रीय कमेटी मेंबर रूपेश उर्फ सतीश उर्फ विकल्प ने आत्मसमर्पण से ठीक पहले स्थानीय मीडिया से बात करते हुए कहा कि ‘हम आत्मसमर्पण नहीं कर रहे हैं, हम हथियार छोड़ रहे हैं, आदिवासियों के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा। रूपेश ने बताया कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से हुई चर्चा में हमनें 10 मांगों को उनके सामने रखी हैं। उन्होंने बताया कि ‘हमने सरकार के सामने बस्तर में पांचवी और छठी अनुसूची एवं पेशा कानून लागू करने की मांग की है। इसमें मुख्य रूप से इस बात की उन्हें जानकार दी गई है, कि ग्रामीणों की जमीन जोर जबरदस्ती से नहीं ली जा सकती, यदि कोई जमीन माइनिंग या दूसरी चीजों के लिए चयनित होती है, तो उसके लिए ग्राम सभा की बैठक होगी, ग्रामीणों की राय ली जाएगी। ग्रामीणों की अनुमति और ग्राम सभा के अनुमोदन के बगैर किसी भी ग्रामीण की जमीन नहीं ली जाएगी। प्रशासन और पुलिसिया जोर जबरदस्ती ग्रामीण पर नहीं किया जाएगा।

केंद्रीय कमेटी मेंबर रूपेश ने कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पांचवी और छठी अनुसूची एवं पेशा कानून लागू करने का विश्वास दिलाया है। वन कानून को सही तरीके से अमल करना है। सरकार ने मूल वासी बचाओ मंच को बंद कर दिया है, इस मंच को फिर से चालू किया जाए, इस मंच के बैनर के नीचे जो भी कार्य किया जा रहे थे , उसे संवैधानिक तरीके के अनुसार चालू करवाया जाए, मूलवासी बचाओ मंच को सरकार ने जबरन बंद कर दिया था । मूलवासी बचाओ मंच के प्रतिबंध आगे नहीं बढ़ाने की मांग रखी गई है। माओवादी कैडर जो जेल में बंद हैं, उनकी रिहाई हो जेल में बंद साथियों को रिहा करने की मांग पर विचार करने का आश्वासन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिया है। रूपेश ने कहा कि हमारी मांगों पर स्पष्ट आश्वासन नहीं मिला है।

नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी के मेंबर रूपेश ने बताया कि जून महीने में ही बसवराजू ने हथियार छोड़ने की बात कही थी। बसवराजू ने सभी कमेटी के मेंबरों को इस बात के लिए कहा था कि हथियार छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हो जाना चाहिए। रूपेश ने कहा कि इस बाबत केंद्रीय कमेटी मेंबर के साथ ही दूसरे नेताओं से भी बात हुई, लेकिन वह लोग हथियार छोड़ने को तैयार नहीं थे। बसवराजू ने उन लोगों को कहा था, कि इससे संगठन को बड़ा नुकसान होगा, इसलिए आत्मसमर्पण का निर्णय लेना चाहिए और हथियार छोड़ने की बात पर एक मत होना चाहिए। रूपेश ने कहा कि संगठन में कोई इस पर तैयार नहीं हुआ यदि बसवराजू की बात को मान लिया गया होता तो, संगठन को इतना ज्यादा नुकसान नहीं होता। रूपेश ने बताया कि दक्षिण सबजोनल कमेटी के देवा और हिड़मा से भी बसवराजू ने सरेंडर की बात कही थी, लेकिन उनकी बात को मना कर दिया गया।

नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी के मेंबर रूपेश ने कहा कि नक्सलियों के जितने भी तंत्र माड़ डिवीजन में थे, सब बंद हो गए हैं। नक्सलियों द्वारा जितने विभाग चलाए जाते थे, सभी विभाग बंद हो गए हैं, क्योंकि इन विभागों को चलाने के लिए अब लोग नहीं बचे। नक्सलियों के पास इन विभागों को चलाने के लिए जो संसाधन चाहिए, वह भी नहीं बचा है। हमने संगठन के विस्तार के लिए एक तंत्र विकसित किया था, जो अलग-अलग काम करते थे, लेकिन अब न तो तंत्र बचा है और ना ही उसे चलाने के लिए कोई विभाग बचा। उसने बताया कि वर्तमान समय में माओवादी कैडर में कोई भी महासचिव नहीं है। पहले इस बात की जानकारी सामने आई थी, कि देवजी को महासचिव बनाने की जिम्मेदारी मिली थी, जिसे नकार दिया गया है। रूपेश ने कहा कि यह सिर्फ उड़ाई गई खबर है। वर्तमान समय में केंद्रीय कमेटी में कोई महासचिव नहीं है। केंद्रीय कमेटी में महासचिव का चयन केंद्रीय कमेटी के सभी सदस्यों के साथ बैठक करके होती है। वर्तमान समय में जिस तरह की स्थिति बनी हुई है उसमें कोई बैठक हुई ही नहीं हुई है। ऐसे में यह निर्णय हुआ ही नहीं है कि महासचिव कौन होगा इसलिए जो बातें सामने आई थी, उसका कोई मतलब नहीं है।

 

Related Articles

Back to top button