नेताओं के बेटों को नहीं, बल्कि उस ‘टैलेंट’ को ढूंढ रही कांग्रेस जो लोकतंत्र की बात कर सके
उम्मीदवारों को 25 राउंड की कठिन चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ की राजनीति में आज एक नई हलचल देखने को मिली है। कांग्रेस पार्टी अब नेताओं के बेटों को नहीं, बल्कि उस ‘टैलेंट’ को ढूंढ रही है जो लोकतंत्र की बात कर सके। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के ‘टैलेंट हंट’ प्रोग्राम जिसकी शुरुआत राजधानी रायपुर के राजीव भवन में हो गई है। एक तरफ जहाँ पार्टी नए प्रवक्ताओं को खोज रही है, वहीं दूसरी तरफ इस मंच से भाजपा और डिप्टी सीएम विजय शर्मा पर तीखा हमला भी बोला गया।

प्रदेश भर से कुल 120 उम्मीदवार, जी हाँ, 120 ऐसे चेहरे राजीव भवन पहुंचे हैं जो कांग्रेस की आवाज़ बनना चाहते हैं। लेकिन यह इतना आसान नहीं है। जानकारी के मुताबिक, यह कोई साधारण इंटरव्यू नहीं है। इन उम्मीदवारों को 25 राउंड की कठिन चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है। इसमें पैनल डिस्कशन है, रिटन टेस्ट (लिखित परीक्षा) है और वन-टू-वन इंटरव्यू भी शामिल है। यानी, अगर आपमें तर्कों के साथ अपनी बात रखने की क्षमता है, तभी आप टिक पाएंगे।
इन भावी प्रवक्ताओं की परीक्षा लेने के लिए दिल्ली और जयपुर से खास टीम मौजूद है। इंटरव्यू पैनल में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुमा आचार्य, प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़, और AICC रिसर्च टीम के अंचल सिंघल और हर्ष कुमार जैसे दिग्गज शामिल हैं।
राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुमा आचार्य ने इस पहल को लेकर एक बहुत महत्वपूर्ण बात कही है। उनका कहना है कि कांग्रेस के पास सक्षम नेता तो हैं, लेकिन अब पार्टी उन लोगों को सीधा मौका दे रही है जो ‘लोकतांत्रिक विचारधारा’ रखते हैं। यह पहली बार है जब कांग्रेस सीधे तौर पर आम लोगों को अपनी विचारधारा से जुड़ने और प्रवक्ता बनने का ओपन प्लेटफार्म दे रही है।
अनुमा आचार्य ने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा असल में ‘वर्चस्ववादी’ है और यह चाहती है कि देश में सिर्फ एक ही व्यक्ति की सत्ता चले। उन्होंने एक बहुत ही संवेदनशील मुद्दे को छूते हुए कहा कि भाजपा के लोग आदिवासियों को ‘वनवासी’ कहते हैं, जो कि उनकी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के ‘ब्राह्मणवाद’ को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन यह आदिवासियों के लिए अपमानजनक है।
कुल मिलाकर देखें तो, एक तरफ कांग्रेस अपनी ‘कम्युनिकेशन टीम’ को धारदार बनाने के लिए टैलेंट हंट कर रही है, नए चेहरों को 25 राउंड में परख रही है। वहीं दूसरी तरफ, इस नई टीम के गठन से पहले ही भाजपा पर वैचारिक हमले तेज कर दिए गए हैं। अब देखना यह होगा कि इन 120 लोगों में से वो कौन से चेहरे होंगे जो आने वाले समय में टीवी डिबेट्स और प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस का पक्ष रखेंगे।




