छत्तीसगढ़

खुशखबरी, रायपुर से दुर्ग के बीच मेट्रो चलाने के प्लान पर काम शुरू

इस महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के शुरुआती चरण के लिए राज्य सरकार ने 5 करोड़ रुपए का फंड भी मंजूर कर दिया

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर अपनी कमर कस ली है। ताज़ा अपडेट के मुताबिक, राजधानी रायपुर से दुर्ग के बीच मेट्रो चलाने के प्लान पर काम शुरू हो गया है। सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि इसके लिए डीपीआर यानी ‘डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट’ को मंजूरी मिल गई है।

स्टेट कैपिटल रीजन (SCR)] इस पूरे प्रोजेक्ट की नींव है ‘स्टेट कैपिटल रीजन’ यानी SCR। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जानकारी दी है कि रायपुर, दुर्ग, भिलाई और नवा रायपुर को मिलाकर एक विशाल ‘स्टेट कैपिटल रीजन’ विकसित किया जा रहा है। ठीक वैसे ही जैसे दिल्ली-एनसीआर है। सरकार का विजन साफ़ है.., इन चार प्रमुख शहरों को एक साथ जोड़कर विकास की रफ़्तार को दोगुना करना। इसी जोन में मेट्रो चलाने की तैयारी है।

इस महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के शुरुआती चरण के लिए राज्य सरकार ने 5 करोड़ रुपए का फंड भी मंजूर कर दिया है। आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में ‘राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण विधेयक-2025’ पारित होने के बाद, अब इन शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर के काम को बुलेट की रफ़्तार मिलने वाली है। यह विधेयक केवल कागजी नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के आधुनिक भविष्य का रोडमैप है।

दरअसल, सरकार आज का नहीं, बल्कि अगले 10 साल बाद का सोच रही है। आंकड़ों पर नज़र डालें तो अनुमान है कि साल 2031 तक रायपुर और आसपास के राजधानी क्षेत्र की आबादी 50 लाख के पार हो जाएगी। इतनी बड़ी आबादी के लिए मौजूदा सड़कें छोटी पड़ जाएंगी। ऐसे में, उपमुख्यमंत्री अरुण साव का कहना है कि मेट्रो रेल सेवा शुरू होने से न केवल ट्रैफिक का भारी दबाव कम होगा, बल्कि लोगों को एक सुरक्षित और तेज़ विकल्प मिलेगा।

इस पूरे प्रोजेक्ट की कमान खुद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों में होगी। सीएम की अध्यक्षता में ही एससीआर (SCR) विकास प्राधिकरण काम करेगा। इसमें मंत्री, मुख्य सचिव और विधायकों के साथ-साथ निर्वाचित जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे, ताकि जनता की राय सीधे सरकार तक पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप, पर्यावरण के अनुकूल परिवहन यानी ‘इको-फ्रेंडली ट्रांसपोर्ट’ को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ ने यह बड़ा कदम उठाया है।

भारत आज मेट्रो नेटवर्क के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश है, और अब छत्तीसगढ़ भी इस गौरवशाली लिस्ट में शामिल होने जा रहा है। यह प्रोजेक्ट न केवल यात्रा को आसान बनाएगा बल्कि रायपुर-दुर्ग बेल्ट में नए उद्योगों और रोज़गार के अवसर भी पैदा करेगा। यह छत्तीसगढ़वासियों के लिए वाकई एक बड़ी सौगात है।

 

Related Articles

Back to top button