गरियाबंद

गरियाबंद में समर्पण दिवस के रूप में मनाई गई पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, त्याग और सामाजिक समरसता का आदर्श उदाहरण है

AINS NEWS गरियाबंद… भारतीय जनता पार्टी द्वारा महान चिंतक, प्रखर राष्ट्रवादी और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि को जिले में समर्पण दिवस के रूप में श्रद्धा एवं विचार संगोष्ठी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग ले कर अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित की।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यवसायी वित्त निगम के अध्यक्ष सुरेंद्र बेसरा, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर तथा प्रदेश सहसंयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ मुरलीधर सिन्हा ने विचार व्यक्त किए। उनके साथ जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, मंडल अध्यक्ष धनराज विश्वकर्मा एवं सुमित पारख ने भी उपस्थितजनों को संबोधित किया।

अपने संबोधन में सुरेंद्र बेसरा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, त्याग और सामाजिक समरसता का आदर्श उदाहरण है। उन्होंने अंत्योदय के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने का जो संकल्प दिया, वही आज के सुशासन की मूल प्रेरणा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को आत्मसात कर समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान हेतु निरंतर कार्य करने का आग्रह किया।

जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि एकात्म मानववाद भारतीय संस्कृति आधारित विकास की वह विचारधारा है, जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के संतुलित विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने कार्यकर्ताओं को सेवा भाव के साथ संगठन निर्माण का जो मंत्र दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे समाज सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाएँ।

प्रदेश सहसंयोजक मुरलीधर सिन्हा ने कहा कि समर्पण दिवस केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि संगठन और राष्ट्र के प्रति पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प दिवस है। उन्होंने सहकारिता आंदोलन के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों का स्मरण करते हुए राष्ट्र निर्माण एवं जनकल्याण के प्रति अपने दायित्वों को दोहराया। वरिष्ठ नेताओं द्वारा अंत्योदय और एकात्म मानववाद के सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री डॉ. आशीष शर्मा द्वारा किया गया तथा आभार नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन ने किया।

इस अवसर पर बलदेव सिंह हुंदल, विजय टाक, संतोष यादव, धनंजय नेताम, त्रिलोक राठौर, सागर मयानी, नरोत्तम साहू, प्रशांत मानिकपुरी, मिलेश्वरी साहू, पुष्पा साहू, खेम बघेल, कोमल सोनवानी, प्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने समाज सेवा से जुड़े कार्यों को और अधिक सक्रियता से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

 

Related Articles

Back to top button