किसान महापंचायत में प्रस्तावित उद्योग के खिलाफ गरजे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
किसान महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल हुए

AINS NEWS… रायपुर जिले के तिल्दा तहसील अंतर्गत ग्राम अल्दा में आयोजित किसान महापंचायत में प्रदेश की राजनीति उस समय गरमा गई, जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रस्तावित उद्योगों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। बघेल ने कथित फर्जी एनओसी के मामले में दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाए और आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।

ग्राम अल्दा में आयोजित किसान महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रस्तावित उद्योगों के विरोध में किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए शासन-प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया।
भूपेश बघेल ने कहा कि जब जांच में यह प्रमाणित हो चुका है कि एनओसी जारी करने की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं और फर्जीवाड़े सामने आए हैं, तो फिर दोषी लोगों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई ? उन्होंने कहा कि दबावपूर्वक और कूटरचना के आधार पर प्राप्त की गई एनओसी को तत्काल निरस्त किया जाना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रशासन से दोषी अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। उन्होंने थाना घेराव तक की चेतावनी देकर आंदोलन को और तेज करने के संकेत दिए है।
किसान महापंचायत के मंच से उठी इस आवाज ने एक बार फिर प्रस्तावित उद्योग और उससे जुड़े विवाद को राजनीतिक और सामाजिक बहस के केंद्र में ला दिया है। अब सबकी निगाहें शासन-प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।




