छह नक्सल स्मारकों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया सुरक्षाबल के जवानों ने
सीआरपीएफ की 62वीं वाहिनी, नुकनपाल की संयुक्त टीम ने सर्च और एरिया डॉमिनेशन अभियान

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के सुरक्षाबल के जवानों ने बड़ी कार्रवाई की है। नक्सल प्रभावित थाना मोदकपाल क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए छह माओवादी स्मारकों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई पंगुड़ गांव में की गई, जहां थाना मोदकपाल और सीआरपीएफ की 62वीं वाहिनी, नुकनपाल की संयुक्त टीम ने सर्च और एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार, माओवादी संगठन ने पहले से इन स्मारकों का निर्माण किया था। सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिल रही थी कि इन स्मारकों के जरिए क्षेत्र में प्रभाव और दहशत बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। इसी आधार पर पुलिस और सीआरपीएफ ने योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाया और मौके पर पहुंचकर सभी छह स्मारकों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
सुरक्षा बलों ने केवल कार्रवाई तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि ग्रामीणों से संवाद भी किया। अभियान के दौरान गांव में चलित थाना लगाया गया, ताकि लोगों की समस्याएं मौके पर ही सुनी जा सकें। ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें और आवश्यकताएं अधिकारियों के सामने रखीं। कई मामलों में तुरंत समाधान के निर्देश दिए गए। इस पहल से ग्रामीणों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ता नजर आया।




