पाटन विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे अमित जोगी, एससी वोटो पर सेंध लगाने की है तैयारी
अमित जोगी ने स्टांप पेपर में शपथ पत्र के साथ ऐलान किया है कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो गरीबों को पांच-पांच लख रुपए दिए जाएंगे

AINS NEWS…. छत्तीसगढ़ में तीसरी बड़ी पार्टी के रूप में जगह बनाने वाली जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ भी प्रत्याशियों को लेकर लगातार मंथन कर रही है। पिछली विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस 7 सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल हुई थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में पार्टी के प्रमुख अमित जोगी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ पाटन से मैदान में उतरने वाले हैं। अमित जोगी का मानना है कि भाजपा और कांग्रेस की लड़ाई में जनता उनकी पार्टी पर विश्वास जता सकती है। पाटन विधानसभा क्षेत्र में साहू, कुर्मी, यादव वोटरों के साथ ही एससी वोटरों की संख्या काफी है ऐसे में अमित जोगी की निगाह एससी वोटरों पर है। अमित जोगी के पिता स्वर्गीय अजीत जोगी भी पाटन विधानसभा क्षेत्र में काफी सक्रिय थे, इन तमाम समीकरणों को देखते हुए अमित जोगी पाटन से दो दो हाथ कर सकते हैं, हालांकि अभी इसे लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि पार्टी की ओर से नहीं की गई है। गौरतलब है कि अमित जोगी ने स्टांप पेपर में शपथ पत्र के साथ ऐलान किया है कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो गरीबों को पांच-पांच लख रुपए दिए जाएंगे।





