गरियाबंद

गरियाबंद में विकास की नई सौगात: 24 लाख की लागत से बनेगा विशाल टिन शेड, भूमि पूजन के साथ कार्य का शुभारंभ

यह टिन शेड भविष्य में धार्मिक आयोजनों, सामाजिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा सामुदायिक बैठकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र के रूप में विकसित होगा

AINS NEWS गरियाबंद… नगर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित शीतला मंदिर परिसर में विकास कार्यों को नई गति देते हुए 24 लाख रुपये की लागत से बनने वाले टिन शेड निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन एवं शुभारंभ किया गया। धार्मिक आस्था और जनसहभागिता के माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया।

शीतला मंदिर प्रांगण से लगे क्षेत्र में बनने वाला यह टिन शेड भविष्य में धार्मिक आयोजनों, सामाजिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा सामुदायिक बैठकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र के रूप में विकसित होगा। भूमि पूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की गई और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं विकास की कामना की गई।

कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद अध्यक्ष रिखीराम यादव, उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद एवं सभापति सूरज सिन्हा, सभापति विष्णु मरकाम, रेणुका साहू, खेम सिंह बघेल, मधु देवांगन, पार्षद बिंदु सिन्हा, पुष्पा साहू, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मिलेश्वरी साहू, सहकारिता प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के सहसंयोजक मुरलीधर सिन्हा, मंडल महामंत्री प्रहलाद ठाकुर, मंत्री प्रकाश सोनी, भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसके अलावा शीतला समिति के अध्यक्ष हेमलाल सिन्हा, श्यामा गुप्ता, बीरु यादव, राजेश साहू, भावेश सिन्हा सहित समिति के सदस्य, नगर पालिका के सीएमओ, इंजीनियर एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मंदिर परिसर में टिन शेड निर्माण से श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। गर्मी, बारिश और अन्य मौसमीय परिस्थितियों में आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम अब अधिक व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि नगर के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में क्षेत्र के विकास, धार्मिक स्थलों के उन्नयन और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। स्थानीय लोगों ने भी इस निर्माण कार्य को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

Related Articles

Back to top button